दलित महासम्मेलन से पहले लगाए गए विवादित पोस्टरों को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया। पोस्टरों में समाजवादी पार्टी के नेताओं को निशाना बनाए जाने से कार्यकर्ता भड़क उठे। नाराज कार्यकर्ताओं ने सड़क किनारे खंभों पर चढ़कर पोस्टर उतारे और उन्हें फाड़ दिया। इस दौरान पोस्टर हटाते हुए कार्यकर्ताओं का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
आगरा में समाजवादी पार्टी के दलित महासम्मेलन से पहले शहर के अलग-अलग स्थानों पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और आजम खान के खिलाफ टिप्पणी वाले पोस्टर लगाए गए थे। इन पोस्टरों में दोनों नेताओं के पुराने बयानों का हवाला देते हुए निशाना साधा गया था। पोस्टर सामने आने के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार, पोस्टरों पर लिखी गई टिप्पणियों से नाराज कार्यकर्ताओं ने खुद ही उन्हें हटाने का फैसला किया। इसके बाद कार्यकर्ता खंभों पर चढ़े और पोस्टर उतारकर फाड़ दिए। इस पूरी कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। पोस्टरों पर लिखे नारों से बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि पोस्टरों में अखिलेश यादव और आजम खान के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए आपत्तिजनक नारे लिखे गए थे। इनमें ‘सबको गोली, सबका अपमान, समाजवादी पार्टी की पहचान’ जैसे नारे शामिल होने की बात सामने आई है। पोस्टर किसने लगवाए, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हुई है। विरोधियों पर लगाया साजिश का आरोप
सपा नेताओं का आरोप है कि पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से परेशान होकर विरोधी इस तरह की हरकत कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के खिलाफ अपमानजनक पोस्टर लगाए जाने पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की है।