बरेली में युवती के अपहरण और यौन उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। घर में अकेली युवती को तीन युवक जबरन कार में डालकर ले गए। आरोप है कि रास्ते में मुख्य आरोपी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया, जबकि उसके दो साथियों ने छेड़खानी और अश्लील हरकतें कीं। वारदात के बाद आरोपी उसे निर्माणाधीन हाईवे पर छोड़कर फरार हो गए।
बरेली के हाफिजगंज थाना क्षेत्र में हुई घटना के संबंध में पीड़िता के पिता ने पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि इज्जतनगर थाना क्षेत्र निवासी जगमोहन अपने दो साथियों के साथ रात में कार से उनके घर पहुंचा। उस समय उनकी 18 वर्षीय बेटी घर में अकेली थी। जबरन कार में खींचकर ले गए आरोपी
आरोप है कि तीनों युवकों ने युवती को जबरन कार में खींच लिया और अगवा कर निर्माणाधीन बरेली-पीलीभीत हाईवे के पास ले गए। वहां जगमोहन ने युवती के साथ दुष्कर्म किया, जबकि उसके दोनों साथियों ने छेड़खानी और अश्लील हरकतें कीं। इसके बाद आरोपी युवती को वहीं छोड़कर भाग निकले। जाते समय उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी। गश्त कर रही पुलिस की पड़ी नजर
घटना के बाद हाईवे पर गश्त कर रही पुलिस की नजर युवती पर पड़ी। पुलिस ने उससे पूछताछ की और परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया। इसके बाद युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पिता की तहरीर पर हाफिजगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित
सीओ नवाबगंज नीलेश मिश्र ने बताया कि दुष्कर्म के संबंध में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
मामले में मुख्य आरोपी की पहचान जगमोहन के रूप में हुई है। उसके दोनों साथियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।