बाँदा-12 नवंबर को प्रकाशित होगी मतदाता सूची, 19 नए बढ़े बूथ

SHARE:

मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इसके तहत मतदाताओं को सूची में अपना नाम जांचने और त्रुटियों के सुधार के लिए निर्धारित अवधि में दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। प्रशासन ने राजनीतिक दलों से पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने का आग्रह किया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में गुरुवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। अपर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कुमार धर्मेंद्र ने बताया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जा रहा है। जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर 12 नवंबर 2026 को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन होगा।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, संशोधन कराने अथवा आपत्ति दर्ज कराने के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। विशेष अभियान की तिथियां 21, 22, 28 और 29 नवंबर रहेंगी। दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी। कुमार धर्मेंद्र ने कहा कि पुनरीक्षण प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की सक्रिय सहभागिता महत्वपूर्ण है। सभी दल प्रत्येक बूथ पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त कर उनकी बूथवार सूची संबंधित उपजिलाधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाया जा सके।
जनपद में 15.39 लाख मतदेय स्थल और 833 मतदान केंद्र
मतदेय स्थलों का 1200 मतदाताओं के आधार पर पुनर्व्यवस्थापन किया गया है। आयोग से अनुमोदन के बाद जनपद में मतदेय स्थलों की संख्या 1518 से बढ़कर 1537 और मतदान केंद्रों की संख्या 829 से बढ़कर 833 हो गई है। इस प्रकार 19 मतदेय स्थल और चार मतदान केंद्र बढ़े हैं।
जनपद में कुल 12,39,822 मतदाता हैं। इनमें 6,86,177 पुरुष, 5,53,611 महिलाएं और 34 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची के एक-एक सेट विधानसभा वार और साफ्ट कॉपी में निःशुल्क उपलब्ध कराएं जाएंगे।
विधानसभा वार मतदाता और बूथों का विवरण
तिंदवारी विधानसभा में 3,12,372 मतदाता, 222 मतदान केंद्र और 396 मतदेय स्थल हैं। बबेरू में 3,18,337 मतदाता, 224 मतदान केंद्र और 387 मतदेय स्थल हैं। नरैनी में 3,25,333 मतदाता, 240 मतदान केंद्र और 413 मतदेय स्थल हैं। बांदा विधानसभा में 2,83,780 मतदाता, 147 मतदान केंद्र और 341 मतदेय स्थल हैं।
बैठक में संबंधित निर्वाचन और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई