बाँदा-खाद की कालाबाजारी पर कमिश्नर सख्त, किसानों को समय से खाद उपलब्ध कराने के निर्देश

SHARE:

किसानों को समय से खाद उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। उर्वरक की कालाबाजारी रोकने के साथ ही सहकारी समितियों और निजी बिक्री केंद्रों पर निर्धारित दरों का पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार की अध्यक्षता में मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों के साथ खाद की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और किसानों को हो रही समस्याओं पर चर्चा की गई। आयुक्त ने हमीरपुर सहित मंडल के विभिन्न जनपदों में खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए छापेमारी भी कराई है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में खाद की कालाबाजारी न हो और ऐसा करते पकड़े जाने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए। आयुक्त अजीत कुमार ने सभी सहकारी समितियों और निजी उर्वरक बिक्री केंद्रों पर खाद की उपलब्धता, बिक्री दर और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने को कहा। प्रत्येक केंद्र पर रेट बोर्ड लगाना अनिवार्य होगा, जिसमें उर्वरकों की निर्धारित बिक्री दर और केंद्र के खुलने व बंद होने का समय स्पष्ट रूप से अंकित हो। किसानों से संबंधित आवश्यक अभिलेखों का विवरण भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दर्ज किया जाएगा।
फार्मर रजिस्ट्री के अभाव में खाद से वंचित नहीं होंगे किसान
बैठक में सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उर्वरक प्राप्त करने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य नहीं है। इस पर आयुक्त ने निर्देश दिए कि फार्मर रजिस्ट्री न होने के कारण किसी किसान को खाद से वंचित न किया जाए। चकबंदी वाले गांवों और विभिन्न कारणों से फार्मर रजिस्ट्री नहीं करा पाने वाले किसानों को भी आवश्यक अभिलेखों के आधार पर उर्वरक उपलब्ध कराया जाए।
बटाईदार किसानों को भी आवश्यक अभिलेख प्राप्त कर खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि वास्तविक खेती करने वाले किसानों को परेशानी न हो। आयुक्त ने कहा कि प्रक्रियात्मक कठिनाइयों के कारण किसी पात्र किसान को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
निरीक्षण और वितरण व्यवस्था की जाए नियमित निगरानी
कमिश्नर अजीत कुमार ने कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सहकारी समितियों और निजी उर्वरक बिक्री केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। खाद की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और निर्धारित दरों के अनुपालन की निगरानी की जाएगी। बैठक में उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, सहकारिता विभाग के उप आयुक्त एवं उप निबंधक तथा सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई