मंदिरों से पीतल के घंटे चोरी करने के मामले में चिल्ला पुलिस ने सूचना मिलने के 12 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर 136 पीतल के घंटे, 130 जंजीरें, 29 टूटे ताले और चोरी में इस्तेमाल किए गए उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान भूरा पुत्र श्रीपाल निवासी नांदादेव, थाना जसपुरा, जनपद बांदा के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध चिल्ला और बिसंडा थानों में चोरी के मुकदमे दर्ज किए गए हैं। मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने चिल्ला थानाध्यक्ष आनन्द साहू को निर्देशित किया था। दो मंदिरों से चोरी की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस के मुताबिक, बरेठीकला निवासी लल्ला ने एक नवंबर को थाना चिल्ला में शिकायत दी थी कि 31 अक्टूबर की रात गांव के दो मंदिरों से पीतल के घंटे चोरी कर लिए गए हैं। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया। दो नवंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम पलरा मोड़ के पास से भूरा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बरेठीकला के गजानन माता मंदिर और बहोरन बाबा मंदिर तथा पदारथपुर स्थित शंकर जी मंदिर से घंटे चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने बिसंडा थाना क्षेत्र के कोनी गांव स्थित भैरव बाबा मंदिर से भी घंटे चोरी करने की जानकारी दी। सीओ सदर ने दी कार्रवाई की जानकारी
सीओ सदर प्रतिज्ञा सिंह ने बताया कि मंदिरों से घंटे चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया है। उसके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया है। बरामदगी का विवरण
पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही से 136 छोटे-बड़े पीतल के घंटे, 130 जंजीरें, 29 टूटे हुए ताले, प्लास, छेनी और हथौड़ा सहित चोरी में प्रयुक्त उपकरण तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के विरुद्ध दर्ज मुकदमे
आरोपी के विरुद्ध थाना चिल्ला में मुकदमा अपराध संख्या 124/26 धारा 305(घ)/317(2) भारतीय न्याय संहिता तथा थाना बिसंडा में मुकदमा अपराध संख्या 430/26 धारा 305 भारतीय न्याय संहिता के तहत अभियोग पंजीकृत हैं। इसके अतिरिक्त थाना जसपुरा में मुकदमा अपराध संख्या 140/24 धारा 118(1)/351(3)/352 भारतीय न्याय संहिता का आपराधिक इतिहास भी बताया गया है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष चिल्ला आनन्द साहू, उपनिरीक्षक अनवर खान, हेड कांस्टेबल ध्यान सिंह और हेड कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह शामिल रहे।