आगरा-अपर जिला जज की कार पर हमला,बीएसएफ जवान गिरफ्तार

SHARE:

बाइक की टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। मामले में पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल के एक जवान को गिरफ्तार किया है। घटना में न्यायिक अधिकारी के पिता और सुरक्षाकर्मी के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर खंदौली क्षेत्र के मई चौराहे के पास 24 अक्तूबर को अलीगढ़ के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अली मुस्तफा की कार में बाइक सवार ने टक्कर मार दी थी। उस समय न्यायिक अधिकारी अपने पिता गुलाम मुस्तफा, मां और गनर के साथ लखनऊ से अलीगढ़ जा रहे थे। टक्कर से कार क्षतिग्रस्त हो गई। आरोप है कि बाइक सवार को समझाने पर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और अपने 30 से 40 साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद न्यायिक अधिकारी, उनके पिता और गनर के साथ मारपीट की गई।
कार का शीशा तोड़ने और आग लगाने की कोशिश का आरोप
शिकायत के मुताबिक, हमलावरों ने परिवार को जान से मारने और कार में आग लगाने की कोशिश की। इस दौरान न्यायिक अधिकारी के पिता की नाक और दोनों हाथों की कलाइयों में चोटें आईं। आरोप है कि मुख्य आरोपी ने हेलमेट या किसी अन्य वस्तु से कार का पिछला शीशा तोड़ दिया। न्यायिक अधिकारी ने डायल 112 पर सूचना देने के बावजूद मौके पर पुलिस सहायता नहीं मिलने की बात भी शिकायत में कही है।
जांच में सामने आई आरोपी की पहचान
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शुरुआत में अपना नाम भूपेंद्र बताया था, जबकि जांच में उसकी पहचान दिनेश के रूप में हुई। वह खंदौली क्षेत्र के बुर्ज पैंतखेड़ा गांव का निवासी है और पंजाब में सीमा सुरक्षा बल में तैनात बताया गया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक नामजद आरोपी सहित 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई