मथुरा-संत प्रेमानंद महाराज की सुरक्षा को लेकर सीएम को पत्र

SHARE:

संत प्रेमानंद महाराज की सुरक्षा को लेकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि मामले के पक्षकार दिनेश फलाहारी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर चिंता जताई है। उन्होंने संत की सुरक्षा सुनिश्चित कराने के साथ ही केलिकुंज आश्रम और उसके आसपास की गतिविधियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
पत्र में दिनेश फलाहारी ने श्रीहित राधा केलिकुंज आश्रम से जुड़ी गतिविधियों को लेकर दो पक्षों के बीच मतभेद का उल्लेख किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि आश्रम की आड़ में संपत्ति और प्रॉपर्टी से जुड़े कुछ लोग सक्रिय हैं और संस्था के प्रभाव का अनुचित लाभ उठाया जा रहा है। पत्र के मुताबिक, संपत्ति और व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर उत्पन्न परिस्थितियों के बाद संत प्रेमानंद महाराज बेलवन स्थित आश्रम चले गए। पत्र में केलिकुंज आश्रम के आसपास बच्चों के गायब होने और संदिग्ध लोगों की सक्रियता को लेकर भी आशंकाएं जताई गई हैं। इन सभी बिंदुओं की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
संत के समर्थन में सामने आए संत और भागवताचार्य
संत प्रेमानंद महाराज को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच ब्रज के कई संत और भागवताचार्य उनके समर्थन में सामने आए हैं। उनका कहना है कि पूरी सच्चाई जाने बिना किसी संत के खिलाफ बयानबाजी करना उचित नहीं है। भागवताचार्य चित्रलेखा ने कहा कि संत प्रेमानंद महाराज के बारे में बिना पूरी जानकारी के बातें की जा रही हैं। उन्होंने अधूरे ज्ञान को खतरनाक बताते हुए ऐसी स्थिति में मौन रहने की बात कही। मलूक पीठाधीश्वर महंत राजेंद्र दास महाराज ने भी बिना नाम लिए कहा कि समाज बड़े से बड़े महापुरुष की आलोचना करने में पीछे नहीं रहता, लेकिन उनके द्वारा समाज और राष्ट्र को दिए गए योगदान को नहीं देखा जाता।
भागवताचार्य अनिरुद्धाचार्य ने कहा कि बिना तथ्यों की जानकारी के संत प्रेमानंद महाराज को बदनाम करने का प्रयास उचित नहीं है। उन्होंने संत के प्रवचनों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आने की बात कही।
सुरक्षा और जांच की मांग
पत्र में संत प्रेमानंद महाराज की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के साथ ही केलिकुंज आश्रम और आसपास की गतिविधियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। अब इस मामले में प्रशासनिक स्तर पर जांच और सुरक्षा को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर नजर रहेगी।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई