सगे मासूम भाइयों की हत्या कर शव पानी भरे गड्ढे में छिपाने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी नरैनी के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। गिरफ्तार करने के बाद अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नरैनी प्रवीण कुमार के निकट पर्यवेक्षण में गठित टीम ने साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पनगरा नहर पुलिया के पास हड़हा-कबौली मार्ग से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के नंदवारा गांव में 30 सितंबर को छह वर्षीय मनोज और चार वर्षीय युवराज के लापता होने की सूचना मिली थी। तलाश के दौरान दोनों मासूमों के शव घर के पास पानी भरे गड्ढे में मिले थे। मृतकों के पिता भइयाराम की तहरीर पर एक अक्तूबर को नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तार आरोपी
भवानीदीन, अखिलेश, श्यामलली, लंबरी उर्फ रामप्रसाद और सुरेंद्र को गिरफ्तार किया गया है। मामले में चार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में यह रहे शामिल
प्रभारी निरीक्षक नरैनी भास्कर मिश्रा, अपराध निरीक्षक अर्जुन सिंह, हेड कांस्टेबल नागेश कुमार, कांस्टेबल अंकित सिंह, आशू सिंह, अनूप मिश्रा, सुनील कुमार, अजय यादव, घनश्याम मौर्य और महिला कांस्टेबल अकिंता पाल की टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया।