मेरठ-सजा के बाद बदल जाएगा मुस्कान और साहिल का जेल जीवन

SHARE:

सौरभ राजपूत हत्याकांड में दोषी करार दिए गए मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला की सजा पर 14 अक्टूबर को फैसला होना है। सजा सुनाए जाने के बाद दोनों के जेल जीवन में कई नियम बदल जाएंगे। दोषसिद्ध बंदियों को निर्धारित कपड़े पहनने के साथ जेल में तय श्रम भी करना होता है।
जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा के मुताबिक सजा के बाद मुस्कान को आसमानी रंग की साड़ी या सलवार सूट और साहिल को पीले रंग के कपड़े पहनने होंगे। दोनों को जेल में निर्धारित काम भी करना होगा। वर्तमान में दोनों विचाराधीन बंदी के रूप में जेल में हैं।
सजा के बाद मुलाकात के नियमों में भी बदलाव होगा। अभी महीने में 12 मुलाकात की अनुमति है, जबकि सजा सुनाए जाने के बाद यह संख्या घटकर चार रह जाएगी। मुस्कान फिलहाल अपनी बेटी के साथ जिला कारागार में रह रही है। सौरभ के परिजनों की ओर से दोनों दोषियों को अलग-अलग जिलों की जेलों में रखने की मांग भी की गई है। इस संबंध में जेल प्रशासन स्तर से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
30 सितंबर को दोषी करार
जिला जज की अदालत ने 30 सितंबर को मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला को सौरभ राजपूत की हत्या के मामले में दोषी करार दिया था। अब दोनों को सजा सुनाए जाने से पहले अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा। अदालत 14 अक्टूबर को सजा पर फैसला सुनाएगी।
हत्या के बाद ड्रम में रखा था शव
मामले में सौरभ राजपूत की हत्या के बाद शव को नीले ड्रम में रखकर सीमेंट से ढकने का आरोप सामने आया था। पुलिस ने जांच के बाद मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला को गिरफ्तार किया था। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने दोनों को हत्या का दोषी करार दिया है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई