दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सूचना मिलने के चार घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटना में शामिल दो बाल अपचारियों को संरक्षण में लेते हुए उनके कब्जे से चोरी की गई 75 हजार रुपये की शत-प्रतिशत धनराशि बरामद कर ली।
थाना बिसंडा क्षेत्र निवासी रामजी ने अपनी दुकान में चोरी होने की सूचना पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना के अनावरण और संलिप्त लोगों की पहचान के लिए टीमों का गठन किया। पुलिस ने जांच के दौरान संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रामलीला मैदान के पास वाली गली से दो बाल अपचारियों को संरक्षण में लिया। सीओ बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई 75 हजार रुपये की पूरी रकम बरामद कर ली। मामले में थाना बिसंडा पर मु0अ0सं0 434/26, धारा 305(ए), 331(4)/317(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा बाल अपचारियों के संबंध में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। खुलासा करने वाली टीम में थानाध्यक्ष चन्द्रप्रकाश तिवारी, महिला उपनिरीक्षक स्नेहा सिंह, कांस्टेबल अनूप, कांस्टेबल संजीव कुमार, कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह और महिला कांस्टेबल प्रीति यादव शामिल रही।