झांसी-ड्रग्स की रकम वसूलने के लिए छात्र की हत्या, सिपाही समेत आठ गिरफ्तार

SHARE:

ड्रग्स से जुड़ी रकम की वसूली के लिए एक छात्र को अगवा कर कार में पीटने और गंभीर रूप से घायल हालत में छोड़ने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। अस्पताल में इलाज के दौरान छात्र की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में सिपाही समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। तीन अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक परवेज अली बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में बीए एलएलबी अंतिम वर्ष का छात्र था। उसे ड्रग्स के सैंपल लेने के बहाने बुलाया गया था। इसके बाद सुकुवां-ढुकुवां कॉलोनी के बाहर से कार में बैठाकर ले जाया गया। पीछे दो अन्य कारों में भी आरोपी मौजूद थे। कार में परवेज ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। हालत गंभीर होने पर उसे नगरा हाट मैदान में छोड़कर आरोपी फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने सुकुवां-ढुकुवां से नगरा हाट तक 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाले। जांच के आधार पर प्रियांशु उर्फ प्रयांश, जय श्रीवास्तव उर्फ अमन, साहिल मिश्रा, शनि नामदेव, भूपेंद्र वंशकार, यश शिवहरे उर्फ बिट्टू और अर्शिल खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इसके बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में प्रेमनगर थाने में तैनात सिपाही आशीष सिंह का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, सिपाही को परवेज के ड्रग्स कारोबार से जुड़े होने की जानकारी थी और वह अन्य आरोपियों के साथ वसूली की साजिश में शामिल था। गिरफ्तारी के बाद सिपाही को निलंबित भी कर दिया गया।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल तीन कार और सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में एक आरोपी के मोबाइल से परवेज को किए गए पांच हजार रुपये के लेनदेन का साक्ष्य भी मिलने की बात सामने आई है। पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल से डिलीट किए गए करीब दो से ढाई मिनट के वीडियो को भी रिकवर करने का प्रयास कर रही है।
आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रियांशु उर्फ प्रयांश ड्रग्स के कारोबार से जुड़ा रहा है और उसके खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हो चुके हैं। पुलिस गिरफ्तार सभी आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि की भी जांच कर रही है।
बरामदगी के साथ जारी है जांच
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल तीन कार और सात मोबाइल फोन कब्जे में लिए हैं। डिजिटल साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल के आधार पर आगे की जांच जारी है। तीन अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई