विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा में योजनाओं की प्रगति सुधारने और अधूरे कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए प्रगति रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराने को कहा गया।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत विकास कार्यों और सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने जनपद की रैंकिंग में सुधार लाने और योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय से पहुंचाने के निर्देश दिए। सीएम डैशबोर्ड के तहत पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना, छात्रवृत्ति, समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, विद्युत, कृषि, एनआरएलएम, डेयरी, दिव्यांगजन कल्याण और जल जीवन मिशन की समीक्षा की गई। पंचायती राज, बेसिक शिक्षा, पशुओं में कृत्रिम गर्भाधान, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना और पोषण विभाग की योजनाओं की भी प्रगति परखी गई। आधार सीडिंग, विधवा पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, कन्या विवाह, ओडीओपी और वृद्धावस्था पेंशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सीएम डैशबोर्ड पर रैंक सुधारने के निर्देश दिए गए।
सीएमआईएस पोर्टल पर निर्माणाधीन परियोजनाओं की विभागवार समीक्षा में कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए। विद्युत भवन और स्पोर्ट्स स्टेडियम में मरम्मत व नव निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने को कहा गया।
ऋषि वेदव्यास जन्मस्थली विकास, यमुना नदी में स्नान घाट, सिद्ध बाबा आश्रम के पर्यटन विकास, माध्यमिक शिक्षा से जुड़े निर्माण कार्य और पुलिस लाइन की निर्माणाधीन बिल्डिंग को शीघ्र पूरा कर हैंडओवर कराने के निर्देश दिए गए। 100 क्रिटिकल केयर यूनिट और 60 सीट वाले नर्सिंग कॉलेज के निर्माण में भी तेजी लाने को कहा गया। भूरागढ़ किले के रिवर फ्रंट पर्यटन विकास कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की जांच के लिए तकनीकी टीम गठित कर जांच कराने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी को दिए गए।
रनगढ़ किले के रिवर फ्रंट, पॉलिटेक्निक में टाटा टेक्नोलॉजी के निर्माण कार्य और राजकीय इंटर कॉलेज बांदा के प्रोजेक्ट अलंकार की भी समीक्षा की गई। केन नदी के राजघाट, नरैनी रोड से महोबा और गलौली मार्ग से संबंधित सेतु निर्माण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश राज्य सेतु निगम को दिए गए।
बबेरू बस स्टेशन और होमगार्ड मंडल कार्यालय के निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश यूपी सिडको को दिए गए। ग्राम पखरौली स्थित उच्चीकृत इंटरमीडिएट विद्यालय के निर्माण को भी निर्धारित समय में पूरा कराने को कहा गया। लोक निर्माण विभाग के दोनों खंडों को अपने निर्माणाधीन कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए। केन-बेतवा लिंक नहर परियोजना की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई और कार्य में तेजी लाने को कहा गया। झील का पुरवा में बरात घर निर्माण कार्य को भी समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। गुणवत्ता और समयसीमा पर सख्ती
जिलाधिकारी ने कहा कि विकास एवं निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। संबंधित अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग करते हुए प्रगति रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराएं। तकनीकी जांच से परखी जाएगी गुणवत्ता
भूरागढ़ किले के रिवर फ्रंट पर्यटन विकास कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की जांच के लिए तकनीकी टीम गठित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडेय सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।