बारिश के मौसम में ईंधन गीला होने से घर में खाना तैयार होने में हुई देरी ने रविवार शाम एक परिवार में बवाल करा दिया। नशे में घर पहुंचे युवक ने पहले पिता से विवाद किया और देखते ही देखते लाठी लेकर परिवार के सदस्यों पर टूट पड़ा। मारपीट में माता-पिता, दो बेटियां और एक अन्य सदस्य घायल हो गए। पड़ोसियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया है।
थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के पचुल्ला गांव निवासी आशीष रविवार शाम नशे की हालत में घर आया। उसने अपनी बहन मुस्कान से खाना बनाने के लिए कहा था। बारिश के कारण ईंधन गीला होने से चूल्हे पर खाना तैयार होने में देर हो गई। इस बात से नाराज आशीष गाली-गलौज करने लगा। 55 वर्षीय पिता केदार ने विरोध किया तो आशीष ने लाठी से उनकी पिटाई शुरू कर दी। बचाने पहुंचे तो घर वालों पर भी बरसाई लाठी
पति को पिटता देखकर 50 वर्षीय चंचल बचाने पहुंचीं। इसके बाद 30 वर्षीय पूजा पत्नी संजय, 15 वर्षीय मुस्कान और नौ वर्षीय दिव्यांश भी बीच-बचाव करने आए। आरोप है कि आशीष ने उन्हें भी लाठी से पीट दिया। मारपीट में सभी घायल हो गए। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और किसी तरह समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने कराया मेडिकल परीक्षण
घटना के बाद सभी घायलों को थाने ले जाया गया, जहां मामले की तहरीर पुलिस को दी गई। पुलिस ने सभी घायलों का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।