चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी का सामान और नकदी बरामद की है। गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने अभियुक्तों को जेल भेज दिया है।
जनपद के थाना कमासिन क्षेत्र में देवकीनंदन और आदित्य ने 11 सितम्बर को अपने-अपने घरों में चोरी होने की सूचना पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाईं। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में थाना कमासिन पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पं. केदारनाथ डिग्री कॉलेज, पछौहां रोड के पास से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान और नकदी बरामद की गई। चोरी का सामान और नकदी बरामद
सीओ बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे/निशानदेही से 105 किलोग्राम गेहूं, 30 किलोग्राम चना, एक माइक्रोटेक इनवर्टर, एक ल्युमिनस बैटरी, एक लोहे की कड़ाही और 2500 रुपये नकद बरामद हुए। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान भैरव पुत्र माताबदल और राजाभैया पुत्र माताबदल, निवासी ग्राम पछौहा, थाना कमासिन, जनपद बाँदा के रूप में हुई है।
मामले में थाना कमासिन में मु0अ0सं0-241/26 धारा 331(4)/303(2)/317(2) बीएनएस तथा मु0अ0सं0-242/26 धारा 331(4)/305/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पारसनाथ, उपनिरीक्षक आशीष पटेरिया, कांस्टेबल यौगेश गुप्ता और कांस्टेबल मुकेश शामिल रहे।