झांसी मंडल में तैनात एक वरिष्ठ रेल अधिकारी को कथित तौर पर ब्लैकमेल कर 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने एक युवती को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवती के पास रेल अधिकारी से संबंधित आपत्तिजनक फोटो और वीडियो थे, जिनके जरिए वह लगातार दबाव बना रही थी। रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
मामले में रेल अधिकारी की पत्नी अंकिता भारद्वाज ने नवाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक आरोपी युवती पहले भी अधिकारी से रुपये वसूल चुकी थी और अब 15 लाख रुपये की मांग कर रही थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने रंगदारी समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी युवती प्रयागराज पहुंची है। इसके बाद झांसी से पुलिस टीम प्रयागराज रवाना हुई। स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को रेलवे स्टेशन के पास स्थित गेस्ट हाउस से पकड़ लिया गया। कार्रवाई के बाद ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया पूरी कर पुलिस उसे झांसी ले गई। पहले भी रुपये लेने का आरोप
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवती कथित तौर पर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो के जरिए अधिकारी को ब्लैकमेल कर रही थी। आरोप है कि इससे पहले भी अधिकारी से धनराशि ली जा चुकी थी। अब दोबारा बड़ी रकम की मांग किए जाने के बाद परिवार की ओर से पुलिस से शिकायत की गई। पुलिस जुटा रही साक्ष्य
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के साथ मोबाइल फोन, फोटो-वीडियो, बातचीत और रुपये की मांग से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि कथित तौर पर पहले कितनी रकम ली गई और पूरे मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।