सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत गिरने से सात लोगों की मौत के बाद मंगलवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री घायलों का हाल जानने AIIMS ट्रॉमा सेंटर पहुंचीं। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर इलाज की स्थिति की जानकारी ली और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।
नई दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हुए इस हादसे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता AIIMS पहुंचीं। उन्होंने घायलों से मुलाकात की और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। आईसीयू में भर्ती छात्र के माता-पिता से भी मुख्यमंत्री ने बातचीत की और बेहतर उपचार का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि हादसे से प्रभावित परिवारों को सरकार की ओर से हरसंभव चिकित्सकीय और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से घायलों के इलाज में किसी तरह की कमी न रहने के निर्देश दिए। हादसे के बाद आसपास की इमारतों की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन ने जांच शुरू की है। बगल की एक इमारत को असुरक्षित घोषित किए जाने के बाद उसे हटाने की कार्रवाई की जा रही है। हादसे में सात लोगों की मौत
सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना के बाद करीब 27 घंटे तक राहत और बचाव अभियान चला। मलबे से कई लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन सात लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। घायलों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जिम्मेदारी तय करने की कार्रवाई
हादसे के मामले में जांच और कार्रवाई जारी है। इमारत से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई है। सरकार ने घटना की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की बात कही है।