आगरा-3.92 करोड़ के जेवर गायब, छह महीने बाद खुला करोड़ों की चोरी का राज

SHARE:

छह महीने तक करोड़ों रुपये के आभूषण दुकान से गायब होते रहे और भनक तक नहीं लगी। स्टॉक का मिलान हुआ तो 27 डिब्बे खाली मिले। इनमें रखे सोने और रत्नजड़ित आभूषणों की कीमत करीब 3.92 करोड़ रुपये आंकी गई है। करोड़ों की चोरी सामने आते ही सराफ के होश उड़ गए।
आगरा के किनारी बाजार स्थित कृष्णगोपाल-मुकेश बाबू ज्वेलर्स में हुई इस चोरी का खुलासा स्टॉक मिलान के दौरान हुआ। 18 मई को स्टॉक की गिनती की गई तो 27 डिब्बों से सोने की अंगूठियां, पेंडिल, मंगलसूत्र, गले की जंजीर समेत अन्य आभूषण गायब मिले। चोरी गए आभूषणों का कुल वजन करीब 2 किलो 500 ग्राम बताया गया है। सराफ ने 30 अगस्त को थाना कोतवाली में शिकायत देकर दुकान में काम करने वाले तीन कर्मचारियों पर चोरी का शक जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई। शक की वजह कर्मचारियों द्वारा हाल में खरीदी गई महंगी संपत्तियां और उनके खर्च करने का तरीका बताया गया है। शिकायत के मुताबिक अमित बंसल और धीरज चौहान 15 मई को एक संपत्ति का बैनामा कराने गए थे। वहीं दीपक यादव ने 25 अप्रैल को एक ज्वेलर्स को 2.70 लाख रुपये का सोना बेचने के बाद मकान का बैनामा कराया। इन्हीं गतिविधियों के बाद सराफ को कर्मचारियों पर शक गहराया।
छह महीने तक चलता रहा खेल, अब पुलिस के सामने बड़ी चुनौती
पुलिस के अनुसार दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और कर्मचारियों व कारीगरों के बाहर निकलने पर जांच भी होती है। इसके बावजूद छह महीने तक लगातार चोरी होने की बात सामने आना जांच का अहम बिंदु है। पुलिस को आशंका है कि इस मामले में अन्य कर्मचारी भी शामिल हो सकते हैं। सीसीटीवी फुटेज और दूसरे साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।
करोड़ों की चोरी ने खड़े किए कई सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी मात्रा में सोने और कीमती आभूषण दुकान से निकलते रहे और छह महीने तक स्टॉक में कमी क्यों नहीं पकड़ी गई। पुलिस अब कर्मचारियों की संपत्ति, लेनदेन, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। डीसीपी सिटी ने कहा है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्यवाही की जायेगी।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई