बाँदा-कूड़ा डालने के विवाद में खूनी संघर्ष, महिला की मौत

SHARE:

साझे की जमीन पर कूड़ा-करकट डालने से रोकने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने एक ही परिवार के लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति और बेटे का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जनपद बाँदा के जसपुरा थाना क्षेत्र के फकीरा डेरा मजरा बरेटा गांव में शुक्रवार को करीब 11:30 बजे यह घटना हुई। पुलिस के मुताबिक गांव निवासी 12 वर्षीय दिव्यांश को साझे की जमीन पर कूड़ा-करकट डालने से मना करने पर उसके चाचा रामबहादुर ने मारपीट कर दी। दिव्यांश की पिटाई की जानकारी उसकी बुआ खुशबू ने पिता राजबहादुर को दी। राजबहादुर घर पहुंचा और अपने सगे भाई रामबहादुर से मारपीट का उलाहना दिया। आरोप है कि इसी बात से नाराज रामबहादुर ने हाथ में लिए हसिया से अपने भाई राजबहादुर, भाभी गीता देवी और भतीजे अनिल पर हमला कर दिया। हमले में राजबहादुर और अनिल के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि गीता देवी की पीठ पर गंभीर चोट लगी।
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने घायलों को तत्काल जसपुरा सीएचसी पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर सभी को जिला अस्पताल बांदा रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान गीता देवी निषाद की मौत हो गई। वहीं उनके पति राजबहादुर और पुत्र अनिल कुमार का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा
सीओ सदर सौरभ सिंह ने बताया कि मृतका के पति राजबहादुर की तहरीर पर पुलिस ने रामबहादुर और शिवलोचन पुत्रगण मैयादीन, राधा पत्नी रामबहादुर, सखिया पत्नी शिवलोचन और राजू पुत्र शिवलोचन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में बीएनएस की गंभीर धाराओं समेत संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई