फतेहपुर-पहले साले को गायब किया, फिर सोते समय ससुरालियों पर बांके से हमला

SHARE:

पत्नी से विवाद की रंजिश में एक व्यक्ति ने ऐसा खूनी खेल खेला कि ससुराल में चीख-पुकार मच गई। आरोपी ने पहले साले कोबेटी का रिश्ता दिखाने के बहाने अपने साथ ले जाकर गायब कर दिया। इसके बाद देर रात ससुराल पहुंचकर सो रहे परिवार के सदस्यों पर बांके से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
फतेहपुर के औंग थाना क्षेत्र के भीकमपुर गांव में बुधवार रात करीब दो बजे यह सनसनीखेज वारदात हुई। आशापुर गांव निवासी 50 वर्षीय पवन विश्वकर्मा की शादी भीकमपुर निवासी फूल कुमारी से हुई थी। आपसी विवाद के चलते फूल कुमारी कई वर्षों से पति से अलग गुजरात में रह रही है। इसी बात को लेकर पवन ससुरालियों से रंजिश मानता था।बुधवार शाम पवन बाइक से अपनी ससुराल पहुंचा और अपने बड़े साले राजू को उसकी बेटी का रिश्ता दिखाने का झांसा देकर अपने साथ ले गया। रात करीब नौ बजे पवन अकेला ससुराल वापस पहुंचा। राजू के बेटों ने जब पिता के बारे में पूछा तो पवन ने बताया कि वह वहीं रुक गए हैं और सुबह सभी को रिश्ता देखने जाना है। इसके बाद परिवार के लोग खाना खाकर सो गए। रात करीब दो बजे पवन ने बांका उठाया और राजू के बेटे प्रदीप पर सोते समय हमला कर दिया। चीख सुनकर राजू के भाई राजेश और उनकी पत्नी पुष्पा बाहर निकले तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। इसके बाद राजू के बेटे राजकरण और गोरे घर से बाहर आए तो उन पर भी बांके से वार कर दिए। हमले में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार और शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी पवन को घेर लिया। गुस्साई भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अल्लीपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। पुष्पा को छोड़कर चार घायलों को गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया है।लापता साले की तलाश में जुटी पुलिस
वारदात से पहले पवन जिस राजू को बेटी का रिश्ता दिखाने के बहाने अपने साथ ले गया था, वह अभी लापता है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। आशंका है कि उसके साथ भी कोई अनहोनी हुई हो सकती है। पुलिस ग्रामीणों के साथ तालाब, खेत और आसपास के इलाकों में तलाश कर रही है।
पत्नी से विवाद बना खूनी वारदात की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पवन की पत्नी फूल कुमारी लंबे समय से उससे अलग रह रही थी। इसी पारिवारिक विवाद को लेकर पवन ससुरालियों से रंजिश रखता था। पुलिस ने आरोपी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि घायलों के बयान लिए जा रहे हैं और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई