बाँदा-डीएम की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर भेजी फ्रेंड रिक्वेस्ट, फिर मांगे रुपये; राजस्थान से आया आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

अधिकारियों और प्रतिष्ठित लोगों के नाम से फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर लोगों से रुपये मांगने वाले साइबर ठग पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। आरोपी ने जिलाधिकारी की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी और उसके बाद रुपयों की मांग की। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जिलाधिकारी अमित आसेरी के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाए जाने और उसके माध्यम से लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर रुपये मांगने की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। कोतवाली नगर पुलिस, साइबर सेल, सर्विलांस सेल और तकनीकी टीम ने सोशल मीडिया गतिविधियों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने मबई बाईपास से आरोपी मुस्ताक पुत्र वसीर निवासी ग्राम मानकी सादिकावास, थाना रामगढ़, जनपद अलवर, राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अधिकारियों के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर रुपये मांगने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि वह राजस्थान का रहने वाला है और रुपये लेने के लिए ही बाँदा आया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली नगर में मुकदमा अपराध संख्या 430/26 धारा 319(2), 318(4) तथा 66सी/66डी आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
सोशल मीडिया पर बरतें सावधानी
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अधिकारी, जनप्रतिनिधि या प्रतिष्ठित व्यक्ति के नाम से आने वाली फ्रेंड रिक्वेस्ट, मैसेज या आर्थिक सहायता संबंधी अनुरोध पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। संदिग्ध प्रोफाइल से संपर्क होने पर उसका स्क्रीनशॉट और URL सुरक्षित रखें तथा तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने और OTP, पासवर्ड या बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा करने से बचें।
सर्विलांस की मदद से आरोपी तक पहुंची टीम
फर्जी फेसबुक आईडी के मामले में कोतवाली नगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक विपिन कुमार, कांस्टेबल जितेंद्र सिंह, कांस्टेबल अभिनव यादव, हेड कांस्टेबल आशीष शर्मा और कांस्टेबल मनीष मिश्रा शामिल रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई