समाधान दिवस में मंडलायुक्त तथा डीआईजी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
जनपद बांदा के तहसील सदर के अंतर्गत थाना तिंदवारी में आयोजित समाधान दिवस में आयुक्त, चित्रकूटधाम मंडल, बांदा अजीत कुमार ने पुलिस उपमहानिरीक्षक, चित्रकूटधाम परिक्षेत्र राजेश एस के साथ प्रतिभाग किया। समाधान दिवस में कुल दो शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन्हें आयुक्त एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक ने गंभीरता से सुनते हुए मौके पर ही निस्तारित कराया। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का स्थलीय सत्यापन कर निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण किया जाए। राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित भूमि विवाद, अवैध कब्जे, पैमाइश और सीमांकन के मामलों में दोनों विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करें। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ सदर सौरभ सिंह आदि मौजूद रहे। अधिकारियों को संवेदनशीलता से काम करने के निर्देश
आयुक्त अजीत कुमार ने कहा कि जनसामान्य की समस्याओं का समाधान शासन की प्राथमिकता है। इसलिए अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। शिकायतकर्ता को केवल औपचारिक कार्रवाई नहीं, बल्कि वास्तविक और स्थायी राहत उपलब्ध कराई जाए। लंबित शिकायतों पर रहे विशेष नजर
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा की जाए और किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। भूमि संबंधी मामलों में मौके पर जांच कर तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसी तरह सहायक एसपी मेविस टाक में थाना कोतवाली देहात में समाधान दिवस पर समस्यायें सुनी। इस दौरान कुल तीन शिकायते आई। सभी शिकायते राजस्व विभाग से सम्बंधित रही। जिन्हें सहायक एसपी ने निस्तारण के निर्देश दिए। एसडीएम नरैनी अंजली यादव तथा सीओ प्रवीण कुमार ने कोतवाली नरैनी में शिकायतें सुनते हुए कई मामलों का मौके पर निस्तारण कराया।