कांवड़ यात्रा के दौरान शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
शाहजहांपुर के जैतीपुर थाना क्षेत्र के बमिहाना गांव से 15 कांवड़ियों का जत्था गुरुवार रात करीब 12 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली से बदायूं के दातागंज स्थित डांडी घाट के लिए रवाना हुआ था। वहां रामगंगा नदी से जल लेकर सभी शुक्रवार सुबह अपने गांव के शिव मंदिर लौट रहे थे। नवादा मोड़ पुलिस चौकी से करीब 500 मीटर पहले दातागंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे लगे बिजली के पोल को तोड़ते हुए खाई में पलट गई। इसमें सवार कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हो गए। आगे कांवड़ लेकर चल रहे शिवम मिश्रा समेत कुछ अन्य साथी भी ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा। कुछ घायलों को बरेली ले जाया गया, जहां बमिहाना निवासी अमन (20) और गुड्डू (30) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का जैतीपुर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि कुछ को राजकीय मेडिकल कॉलेज शाहजहांपुर रेफर किया गया है। पुलिस हिरासत में ट्रक चालक
पुलिस ने हादसे के बाद ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि चालक का सीएचसी में इलाज चल रहा है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे में दो कांवड़ियों की मौत की खबर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। कांवड़ यात्रा पर निकले जत्थे के साथ हुए हादसे से गांव में मातम का माहौल है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।