लूट के बाद दुकान संचालक को जान से मारने की कोशिश के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। उनके कब्जे से तमंचे, कारतूस, नकदी और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किया गया है।
झांसी के रक्सा थाना क्षेत्र के डगरवाहा गांव में 17 अगस्त की रात ऑनलाइन मनी ट्रांसफर और फास्टैग की दुकान चलाने वाले रिंकू प्रजापति के साथ वारदात हुई थी। पुलिस के अनुसार, सफेद रंग की कार से पहुंचे तीन-चार लोगों ने रिंकू से 60 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए। रकम मांगने पर आरोपियों ने उसे जबरन कार में खींचने की कोशिश की। विरोध करने पर उसे कार से लटका दिया और करीब 300 मीटर तक घसीटने के बाद सड़क पर फेंक दिया। गंभीर हालत में रिंकू का इलाज चल रहा है। जिसकी हालत गम्भीर बनी हुई है। टोल के आगे घेराबंदी, बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग
घटना के बाद रिंकू के भाई की तहरीर पर रक्सा पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थीं। बृहस्पतिवार को मुखबिर की सूचना पर रक्सा टोल के आगे नयाखेड़ा रोड के पास पुलिस ने संदिग्धों की घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, घिरने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मंगल सिंह जाट और लोकेंद्र साहू उर्फ लिटिल के पैर में गोली लगी। दोनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। मौके से भूपेंद्र सिंह और बृजकिशोर धाकड़ को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दो तमंचे, कारतूस और 11 हजार रुपये बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे, तीन खोखे, दो कारतूस, 11 हजार रुपये नकद और एक चार पहिया वाहन बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों में मंगल सिंह जाट निवासी कजका, थाना गोदन, जिला दतिया, लोकेंद्र साहू उर्फ लिटिल निवासी इंदरगढ़, जिला दतिया, भूपेंद्र सिंह निवासी धर्मकोट, थाना वक्सी वासा, जिला पटियाला और बृजकिशोर धाकड़ निवासी रऊआ जीवन, थाना इंदरगढ़, जिला दतिया शामिल हैं।