लखनऊ-पत्नी की हत्या के बाद WhatsApp पर लिखा- अब बहन को भी मारना है, फिर खुद को मारी गोली

SHARE:

दिनदहाड़े बैंक के बाहर पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के बाद पति ने WhatsApp पर खौफनाक स्टेटस लगाया। इसके बाद घर पहुंचकर अपनी बहन को भी गोली मार दी और अंत में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना में पत्नी, बहन और आरोपी पति समेत तीन लोगों की मौत से हड़कंप मच गया।
लखनऊ के गोमतीनगर क्षेत्र में गुरुवार को यह सनसनीखेज वारदात हुई। मृतकों की पहचान दिव्या मिश्रा, उनकी ननद तूलिका उर्फ शिबा और आरोपी पति मानस बाजपेयी के रूप में हुई है। दिव्या मिश्रा ICICI बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। पुलिस के अनुसार मानस ने बैंक के बाहर पत्नी को गोली मारने के बाद करीब दो किलोमीटर दूर अपने घर पहुंचकर बहन को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली।
पत्नी से चल रहा था पारिवारिक विवाद
बताया जा रहा है कि मानस और दिव्या करीब एक साल से अलग रह रहे थे। दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था और मामला फैमिली कोर्ट तक पहुंच चुका था। गुरुवार को मानस ने दिव्या को फोन कर बैंक के बाहर बुलाया। कुछ देर बातचीत के बाद उसने कथित तौर पर दिव्या पर गोली चला दी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दिव्या मिश्रा पत्रकार और यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
WhatsApp स्टेटस में लिखा- पत्नी ने दिया धोखा
पत्नी की हत्या के बाद मानस ने WhatsApp पर एक स्टेटस लगाया, जिसमें उसने पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया और लिखा कि अब उसे अपनी बहन और खुद को भी खत्म करना है। स्टेटस में दिव्या की बहन प्रज्ञा और भरत का भी जिक्र किया गया। इसके बाद मानस घर पहुंचा और अपनी बहन तूलिका उर्फ शिबा को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली। पुलिस को दोनों स्थानों से हथियार भी मिले हैं। मामले की जांच में पुलिस पारिवारिक विवाद, WhatsApp स्टेटस और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वारदात की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। बहरहाल पुलिस मामले की छानबीन में गहराई से जुटी है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई