प्रयागराज-50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, दिल्ली में छिपकर काट रहा था फरारी

SHARE:

कई महीनों से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को स्पेशल टास्क फोर्स की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ चोरी, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ कई वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
प्रयागराज के नवाबगंज थाना क्षेत्र के बैरेज श्रृंगवेरपुर गांव निवासी छैला बाबू सरोज को एसटीएफ ने नई दिल्ली के नेताजी नगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। एसटीएफ के मुताबिक उसके खिलाफ सराय इनायत, सांगीपुर, नवाबगंज, बहरिया और मांडा थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
सात मुकदमों में दर्ज है नाम
एसटीएफ के अनुसार छैला बाबू के खिलाफ वर्ष 2024 में एक, 2025 में चार और वर्ष 2026 में दो एफआईआर दर्ज हुई हैं। इनमें चोरी, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था, जिसके चलते एसटीएफ उसकी तलाश में जुटी थी।
निर्माण कंपनी के गेट के सामने से पकड़ा
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि आरोपी नई दिल्ली में छिपकर रह रहा है। पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रभारी जय प्रकाश राय की टीम दिल्ली पहुंची और घेराबंदी की। बुधवार शाम करीब 6:40 बजे नेताजी नगर थाना क्षेत्र में वरिंदर कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड के गेट के सामने से छैला बाबू को दबोच लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ वर्ष 2025 में चोरी और लूट की कई घटनाओं को अंजाम दिया था। इन वारदातों के संबंध में प्रयागराज के अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पूर्व में जेल भी जा चुका है। नई दिल्ली के सरोजनी नगर थाने की औपचारिक कार्रवाई के बाद उसे संबंधित न्यायालय में पेश किया गया और आगे की विधिक कार्रवाई के लिए प्रयागराज के नवाबगंज थाने में दाखिल कराया गया।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई