गोकशी की सूचना पर पहुंची पुलिस की संदिग्ध गो-तस्करों से मुठभेड़ हो गई। आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि पुलिस ने उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
कासगंज के अमांपुर थाना क्षेत्र के रानामऊ गांव के जंगल में बुधवार देर रात पुलिस को गोकशी की सूचना मिली थी। अमांपुर थाना पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग और गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से मोहनपुर रोड स्थित जंगल में कुछ लोगों द्वारा गोकशी किए जाने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी और कांबिंग शुरू की। पुलिस के अनुसार खुद को घिरता देखकर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में जाविद निवासी इंदिरानगर के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने मौके से उसके दो साथियों आलेहसन और मशरूम, दोनों निवासी राजीवनगर, को भी गिरफ्तार कर लिया। तीन तमंचे और एक क्विंटल मांस बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के तीन तमंचे, तीन कारतूस, करीब एक क्विंटल गोमांस, मांस काटने के उपकरण और एक मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई कर रही है