चित्रकूट-भारी बारिश से आफत,सैकड़ों घरों में घुसा पानी; ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे किया जाम

SHARE:

लगातार हो रही बारिश के कारण जलभराव से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा बुधवार सुबह फूट पड़ा। करीब 150 घरों में बारिश का पानी घुसने और रास्ते बंद होने से नाराज ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा।
चित्रकूट जनपद में दरी ग्राम सभा के मजरा माधवपुरवा, ललता रोड और गुन्ता नगर के पास स्थित पुरवे में लगातार बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। यहां करीब 150 घरों में पानी भर गया। ग्रामीणों के मुताबिक श्रीपाल कीर्तानी, गीता देवी, नथियां, सावित्री देवी, लालमनी, ललताप्रसाद और जगदीश समेत लगभग सभी घर प्रभावित हैं। पूर्व माध्यमिक विद्यालय जाने वाला रास्ता भी जलभराव के कारण बंद हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को लेकर अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
सुबह चार बजे हाईवे पर बैठे ग्रामीण
जलभराव की समस्या का समाधान न होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार सुबह करीब चार बजे नेशनल हाईवे जाम कर दिया। सड़क पर ग्रामीणों के बैठने से वाहनों का आवागमन प्रभावित हो गया। सूचना मिलने पर मऊ प्रभारी निरीक्षक प्रकाश यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया।
जल निकासी के आश्वासन पर खुला जाम
पुलिस और प्रशासन की ओर से जलनिकासी की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने करीब एक घंटे बाद जाम खोल दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई