आवासीय विद्यालय में रहकर पढ़ रहे दो छात्रों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। दोनों को आनन-फानन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर एक छात्र को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत थे। झील का पुरवा स्थित बीएल विद्या मंदिर आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे छात्र नितिन (12) निवासी सरस्वाह और अरुण (14) की रविवार की रात अचानक तबियत बिगड़ गई। विद्यालय प्रबंधन के मुताबिक रविवार रात दोनों छात्रों की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद दोनों को जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया। नितिन की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। दोनों का उपचार चल रहा था, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। दो छात्रों की मौत की सूचना मिलते ही विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों छात्रों की तबीयत अचानक बिगड़ने और मौत की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।