अम्बेडकरनगर-मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहे क्लीनिक में गर्भपात के दौरान युवती की मौत

SHARE:

सम्मनपुर बाजार में मेडिकल स्टोर की आड़ में संचालित कथित क्लीनिक में गर्भपात कराने के दौरान 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई। युवती करीब छह माह की गर्भवती बताई जा रही है। आरोप है कि उसका प्रेमी उसे रिश्तेदार के घर जाने की बात कहकर क्लीनिक लेकर पहुंचा था। वहां दवा देने के बाद युवती को रक्तस्राव शुरू हो गया और उसकी हालत बिगड़ती चली गई। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने क्लीनिक संचालक और युवती के प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रेमी के साथ घर से निकली थी युवती
जानकारी के अनुसार अम्बेडकर नगर के सम्मनपुर निवासी 20 वर्षीय युवती के जलालपुर निवासी प्रमोद विश्वकर्मा से प्रेम संबंध थे। करीब छह माह से युवती गर्भवती थी। उसने इसकी जानकारी परिवार के लोगों को नहीं दी थी। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे वह मां और परिवार के अन्य सदस्यों की गैरमौजूदगी में प्रेमी के साथ घर से निकली थी। बताया गया कि उसने परिजनों से रिश्तेदार के घर जाने की बात कही थी।
मेडिकल सेंटर में कराया गया गर्भपात
आरोप है कि प्रमोद युवती को सम्मनपुर बाजार स्थित रितिका मेडिकल सेंटर लेकर पहुंचा। यहां क्लीनिक संचालक इंद्रजीत ने उसे भर्ती कर लिया। इसके बाद गर्भपात के लिए दवा दी गई। दवा देने के बाद युवती को तेज रक्तस्राव होने लगा। इसके बावजूद उसे रातभर वहीं रखा गया।
हालत बिगड़ने पर परिजनों को दी जानकारी
शुक्रवार सुबह युवती की हालत ज्यादा बिगड़ने पर उसके प्रेमी ने परिजनों को फोन कर सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवती की मौत हो चुकी थी। युवती की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पांच साल से अवैध तरीके से क्लीनिक चलाने का आरोप
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्लीनिक संचालक और उसकी पत्नी पिछले करीब पांच वर्षों से मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रसव और गर्भपात कराने का काम कर रहे थे। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।
संचालक और प्रेमी हिरासत में
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस ने क्लीनिक संचालक इंद्रजीत और युवती के प्रेमी प्रमोद को हिरासत में लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस हर पहलुओं पर जांच पड़ताल करने जुट गई है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई