टीला मोड़ पुलिस ने नवजात शिशुओं की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो महिलाओं समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने पांच नवजात बच्चों की तस्करी करने की बात कबूल की है। पुलिस ने तस्करी किए गए पांचों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर उनके वास्तविक परिजनों को सौंप दिया। जांच में सामने आया कि गिरोह नवजात बच्चों का सौदा चार से पांच लाख रुपये तक में करता था। गिरफ्तार आरोपियों का नेटवर्क बिहार, हरियाणा, मुजफ्फरनगर, शामली और गाजियाबाद समेत कई क्षेत्रों तक फैला होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने एनुअल, नौशाद, नागेंद्र उर्फ सूखा, नसीम, आबिद, सुमित्रा और रुखसार को गिरफ्तार किया है। इनमें सुमित्रा और रुखसार महिलाएं हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अब तक कितने नवजात बच्चों को तस्करी के जरिए बेचा गया है। पुलिस ने कहा कि पूरे प्रकरण की गहनता से छानबीन की जायेगी।