महोबा-ऑफीसर्स कॉलोनी चोरीकांड का खुलासा, मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में लगी गोली

SHARE:

शहर की हाईप्रोफाइल ऑफीसर्स कॉलोनी में नौ दिन पहले सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पर्दाफाश कर दिया। सोमवार देर रात पठा रोड पर पुलिस की घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 18,500 रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, दो मोबाइल फोन, दो तमंचे और पांच कारतूस बरामद किए हैं। घायल बदमाशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने बताया कि सोमवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि ऑफीसर्स कॉलोनी में चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य पठा रोड स्थित पुलिया के पास चोरी के माल का बंटवारा करने के लिए एकत्र हैं। सूचना पर कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार पांडेय और सर्विलांस प्रभारी शिवप्रताप सिंह की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें कांशीराम कॉलोनी निवासी यासीन उर्फ घोड़ा और मिल्कीपुरा निवासी वारिस के पैर में गोली लगी। दोनों को मौके से पकड़कर जिला अस्पताल भेजा गया। फायरिंग के बीच पुलिस ने दो अन्य आरोपियों बिच्छूपहाड़िया निवासी नईम और पवा निवासी पीयूष राजपूत को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने दो अन्य साथियों अभि राजपूत और विपिन राजपूत निवासी चुरबरा के साथ मिलकर दो अगस्त को चचलेंद्र कुमार के बंद मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों के मुताबिक चोरी किए गए कुछ सामान को गलाकर बेच दिया गया था, जबकि बाकी आभूषण और नकदी का बंटवारा किया जाना था। पुलिस के अनुसार आरोपी एक अन्य मकान में चोरी की योजना भी बना रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18,500 रुपये नकद, सोने-चांदी के विभिन्न आभूषण, दो मोबाइल फोन, दो तमंचे और पांच कारतूस बरामद किए हैं। सीओ सिटी रविकांत गोंड ने बताया कि घायल वारिस के खिलाफ 15 और यासीन के खिलाफ सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। चोरी की घटना में शामिल फरार अभि राजपूत और विपिन राजपूत की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई