प्रयागराज-तीन साल में बिखर गया अतीक अहमद का कुनबा,दो बेटों की मौत, दो जेल में, एक ही बचा बाहर

SHARE:

कभी उत्तर प्रदेश के सबसे चर्चित माफिया परिवारों में गिने जाने वाले अतीक अहमद का कुनबा पिछले तीन वर्षों में पूरी तरह बिखर गया है। वर्ष 2023 में उमेश पाल हत्याकांड के बाद शुरू हुई कानूनी कार्रवाई और हाल ही में सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद परिवार की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। अब पांच बेटों में सिर्फ एक बेटा ही जेल से बाहर है।
अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की 15 अप्रैल 2023 को प्रयागराज में पुलिस अभिरक्षा के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इससे दो दिन पहले 13 अप्रैल को झांसी में एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में अतीक का तीसरा बेटा असद अहमद मारा गया था। असद उमेश पाल हत्याकांड में वांछित था।
इधर, हाल ही में सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की झांसी में सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह अपने बड़े भाई अली से मिलने जा रहा था। दुर्घटना में उसके एक साथी की भी जान चली गई, जबकि अन्य घायल हो गए। अतीक का बड़ा बेटा उमर अहमद और दूसरा बेटा अली अहमद अलग-अलग आपराधिक मामलों में जेल में बंद हैं। वहीं चौथा बेटा अहजम अहमद फिलहाल परिवार का एकमात्र सदस्य है, जो जेल से बाहर है। दूसरी ओर अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन उमेश पाल हत्याकांड में लंबे समय से फरार चल रही हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। एक समय प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों में प्रभाव रखने वाले अतीक अहमद के परिवार की कहानी अब अपराध, पुलिस कार्रवाई, न्यायिक प्रक्रिया और लगातार हुई पारिवारिक त्रासदियों तक सिमट गई है। तीन वर्षों में हुई घटनाओं ने इस परिवार की पूरी तस्वीर बदलकर रख दी है। वहीं पत्नी शाइस्ता परवीन भी फरार है। जिस पर 50 हजार का ईनाम घोषित है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई