जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार देर रात हुई मुठभेड़ में 1 लाख रुपये के इनामी बदमाश फुरकान को पुलिस ने ढेर कर दिया। मुठभेड़ के दौरान फुरकान ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि कुख्यात बदमाश फुरकान क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात की फिराक में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की और उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही फुरकान ने भागने की कोशिश की और टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायर किया, जिसमें फुरकान घायल होकर गिर पड़ा। मौके से एक अवैध हथियार भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार फुरकान पर लूट, हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने सहित कई गंभीर मामले दर्ज थे और उस पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लंबे समय से प्रयास कर रही थी। बदमाश मुकीम काला के गैंग से जुड़ा हुआ था। पुलिस के मुताबिक बदमाश के खिलाफ हत्या,रंगदारी सहित कई मुकदमे दर्ज थे। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।