प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने रिश्तों का ही गला घोंट दिया। जैतपुर थाना क्षेत्र में कोर्ट मैरिज करने वाली युवती की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मृतका के पिता को गिरफ्तार किया गया है, जबकि परिवार के अन्य सदस्य फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, आगरा के जैतपुर थाना क्षेत्र के नंदगवा रोड निवासी अंकिता शर्मा ने इसी वर्ष फरवरी में नहटोली गांव निवासी अमित पचौरी के साथ कोर्ट मैरिज की थी। बताया जा रहा है कि इस शादी से परिवार के लोग नाराज थे। रविवार देर रात युवती की हत्या की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घर का दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया तो अंकिता का शव मिला। उसके गले पर फंदे के निशान थे।
घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मौके से मृतका के पिता विमल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कोर्ट मैरिज से नाराजगी के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद परिवार के अन्य सदस्य छत के रास्ते फरार हो गए। उनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फरार आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।