शनिवार को जनपद के सभी थानों में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। जहां अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए उनका निराकरण कराया।
तहसील सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। डीएम अमित आसेरी तथा एसपी पलाश बंसल ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान कुल 77 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से आठ का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 69 मामलों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारी शिकायतकर्ताओं से संवाद बनाए रखते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर समस्याओं का समाधान करें। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की सुनवाई करते हुए निष्पक्ष जांच और विधिसम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने पर जोर दिया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, पंचायत, विद्युत, जल संस्थान, नगर निकाय, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। इसी तरह अपर जिलाधिकारी कुमार धर्मेंद्र की अध्यक्षता में पैलानी तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। इस दौरान कुल 44 शिकायते आई। जिसमें से 10 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। समाधान दिवस पर उप जिलाधिकारी भूपेंद्र यादव,सीओ सदर सौरभ सिंह मौजूद रहे। अपर पुलिस अधीक्षक ने बबेरू तहसील में समाधान दिवस पर समस्याएं सुनी। एसडीएम अवनीश त्यागी के साथ एएसपी ने 6 शिकायतों का समाधान कराया।