बांदा। मुख्यमंत्री कार्यालय की जनसुनवाई (आईजीआरएस) प्रणाली के तहत प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में चित्रकूटधाम परिक्षेत्र ने जुलाई 2026 की मूल्यांकन रिपोर्ट में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। परिक्षेत्र को 110 में 110 अंक प्राप्त हुए हैं।
डीआईजी चित्रकूटधाम परिक्षेत्र राजेश एस. के निर्देशन में मुख्यमंत्री संदर्भों और ऑनलाइन शिकायतों के निस्तारण की लगातार निगरानी की जाती है। प्राप्त शिकायतों को तत्काल संबंधित जनपदों को भेजकर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाती है, वहीं उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की नियमित समीक्षा भी की जाती है।
मूल्यांकन रिपोर्ट के अनुसार, चित्रकूटधाम परिक्षेत्र ने शत-प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं परिक्षेत्र के अधीन बांदा, हमीरपुर और महोबा जनपदों ने भी 125 में 125 अंक अर्जित कर संयुक्त रूप से प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है।
इस उपलब्धि पर डीआईजी राजेश एस. ने अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए जनशिकायतों के समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। डीआईजी राजेश एस ने कहा कि जनशिकायतों की निस्तारण की पहली प्राथमिकता है। इसलिए आईजीआरएस से सम्बंधित प्रकरणों का समय से निस्तारण करायें।