लखनऊ-‘मकान मालिक करता था यौन शोषण’… छह पन्नों का सुसाइड नोट लिखकर युवती ने दी जान

SHARE:

किराये पर रह रही युवती ने मकान मालिक पर यौन शोषण,मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए आत्महत्या कर ली। घटना के बाद कमरे से छह पन्नों का सुसाइड नोट बरामद हुआ है। जिसमें युवती ने अपनी मौत के लिए मकान मालिक को जिम्मेदार ठहराया है। बहन की शिकायत और सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, युवती पिछले चार वर्षों से लखनऊ के कृष्णानगर स्थित एलडीए कॉलोनी सेक्टर एम-1 में एक इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी के मकान में किराये पर रह रही थी। कारोबारी की दुकान मकान के भूतल पर है, जबकि उसका परिवार भी वहीं रहता है। बुधवार रात युवती की छोटी बहन ने कई बार फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मौके पर पहुंची तो कमरे में युवती का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। तलाशी के दौरान पुलिस को छह पन्नों का सुसाइड नोट मिला। इसमें युवती ने लिखा कि मकान मालिक लंबे समय से उसका यौन, मानसिक और शारीरिक शोषण कर रहा था। वह लगातार उसे प्रताड़ित करता था, जिसके कारण वह तनाव में जी रही थी। युवती ने अपनी मौत के लिए सीधे तौर पर मकान मालिक को जिम्मेदार ठहराते हुए लिखा कि अब उसके पास आत्महत्या के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है।
मृतका की बहन ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि आरोपी शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता होने के बावजूद उसने उनकी बहन को प्रेमजाल में फंसाया। इसके बाद वह उसका शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण करता रहा। लगातार प्रताड़ना और दबाव के कारण उसकी बहन अवसाद में रहने लगी थी। कृष्णानगर पुलिस ने बहन की शिकायत और सुसाइड नोट के आधार पर आरोपी मकान मालिक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई