एंबुलेंस की टक्कर से स्कूटी सवार स्वास्थ्यकर्मी की मौत हो गई। हादसे के बाद एंबुलेंस चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए चालक की तलाश शुरू कर दी है।
कन्नौज जिले के मुरैया बुजुर्ग गांव निवासी विनय दत्त (31) पुत्र राजेश बांदा के जिला क्षय रोग (टीबी) अस्पताल में टीबी-एचबी वैक्सीनेशन पद पर कार्यरत थे। वह शहर के झील का पुरवा मोहल्ले में किराये के मकान में रहते थे। बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे ड्यूटी समाप्त करने के बाद स्कूटी से घर लौट रहे थे। पुलिस लाइन तिराहे के पास पीछे से तेज रफ्तार एंबुलेंस ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक एंबुलेंस लेकर मौके से फरार हो गया।
राहगीरों ने घायल विनय को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही परिजन और अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी भी पहुंच गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी सपना और एक छोटे बेटे को छोड़ गए हैं। गुरुवार सुबह विनय दत्त की मौत की खबर जिला टीबी अस्पताल पहुंचते ही स्वास्थ्यकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई। कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी और शोक स्वरूप कुछ समय के लिए अस्पताल का कार्य बंद रखा। उधर, पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना करने वाली एंबुलेंस और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।