विश्व मानव दुर्व्यापार विरोधी दिवस के अवसर पर गुरुवार को पुलिस ने मानव तस्करी की रोकथाम को लेकर लेवर चौक तथा रेलवे स्टेशन पर विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान श्रमिकों और यात्रियों को मानव तस्करी,बाल श्रम,बाल भिक्षावृत्ति,बाल विवाह तथा ज़हरखुरानी जैसी घटनाओं से बचाव के बारे में जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के मार्गदर्शन में थाना एएचटी (AHT), एसजेपीयू (SJPU), चाइल्ड हेल्पलाइन, जीआरपी, आरपीएफ तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की संयुक्त टीम ने लेबर चौक (इंदिरा नगर) और रेलवे स्टेशन पर अभियान चलाया। लेबर चौक पर मौजूद श्रमिकों को रोजगार, अधिक वेतन या विदेश भेजने के नाम पर दिए जाने वाले झूठे प्रलोभनों से सतर्क रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने कहा कि बिना पूरी जानकारी और सत्यापन के किसी भी व्यक्ति के साथ काम के लिए न जाएं तथा अपना पहचान पत्र, मोबाइल फोन और परिवार से संपर्क हमेशा बनाए रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या जबरन ले जाने के प्रयास की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए। वहीं ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों को बच्चा चोरी, मानव तस्करी और ज़हरखुरानी जैसी घटनाओं से सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों को अपने अभिभावकों के साथ रहने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 30 जुलाई को विश्व मानव दुर्व्यापार विरोधी दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक करना, पीड़ितों के अधिकारों की रक्षा करना तथा इस अपराध की रोकथाम के लिए समाज और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों को मजबूत करना है।