जनपद में अपराध एवं संगठित जुआ गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के अभियान के तहत थाना कोतवाली देहात पुलिस ने बुधवार देर शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए मवई बाईपास रोड स्थित नशा मुक्ति केंद्र के पास हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे आठ लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से ₹2,06,610 की नकदी, 52 ताश के पत्ते, 9 मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल तथा तीन चारपहिया वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली देहात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मवई बाईपास रोड पर कुछ लोग संगठित होकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर छापेमारी की और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से जुआ खेलने में प्रयुक्त ताश के पत्ते, नकदी और अन्य सामान भी बरामद किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान प्रिन्सू, विवेक, रंजीत, राजेश, शिवप्रकाश, अनूप, अर्जुन और शिवम के रूप में हुई है। इनमें अधिकांश आरोपी थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के महोखर गांव के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी राजपूत नगर, कोतवाली नगर क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली देहात में मु.अ.सं. 210/2026 के तहत सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13 में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना कोतवाली देहात के थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौबे, महोखर चौकी प्रभारी दुर्विजय सिंह, कांस्टेबल श्याम सुन्दर यादव, राजेश राय, विकास सिंह, अंकेश कुमार, उमेश कुमार यादव तथा आकाश कुमार शामिल रहे।