झांसी-400 रुपये के विवाद में मौसेरे भाई ने की किशोर की हत्या,आठ दिन बाद पुलिस ने किया खुलासा

SHARE:

बबीना थाना क्षेत्र के खजराहा बुजुर्ग गांव में अंकित अहिरवार की हत्या का पुलिस ने आठ दिन बाद खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके मौसेरे भाई आशिक अहिरवार को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि मजदूरी के 400 रुपये के विवाद में उसने अंकित के सिर पर पत्थर से कई वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को कुएं में फेंक दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून से सना पत्थर भी बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, खजराहा बुजुर्ग निवासी कोमल अहिरवार का सबसे छोटा बेटा अंकित 11वीं कक्षा का छात्र था। पढ़ाई के साथ वह मजदूरी भी करता था। 19 जुलाई की शाम वह अचानक लापता हो गया। परिजनों ने काफी तलाश के बाद बबीना थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। अगले दिन गांव के एक पक्के कुएं से उसका शव बरामद हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर भारी पत्थर से वार कर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अंकित अपने मौसेरे भाई आशिक के साथ बदौरा में मजदूरी करने जाता था। मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का शक आशिक पर गहरा गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि दोनों ने साथ मजदूरी की थी। काम के बदले अंकित को 1,200 रुपये मिले थे, जिनमें से 400 रुपये उसे मिलने थे। अंकित द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। 19 जुलाई को कुएं के पास मुलाकात के दौरान कहासुनी बढ़ी तो गुस्से में उसने पास पड़ा पत्थर उठाकर अंकित के सिर पर कई वार कर दिए। मौत होने के बाद उसने शव को कुएं में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। वारदात के बाद आशिक सामान्य तरीके से घर लौट आया और परिजनों को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी गढ़ दी। उसने बताया कि क्रिकेट खेलने के दौरान अंकित का कुछ लड़कों से विवाद हो गया था, जिसके बाद वह वहां से चला गया। इतना ही नहीं, खोजबीन के दौरान भी वह परिजनों के साथ नहीं निकला।क्षेत्राधिकारी सदर प्रिया सिंह ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर बरामद कर लिया गया है।पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई