जिला पोषण समिति की समीक्षा बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आंगनबाड़ी सेवाओं, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, हॉट कुक्ड मील योजना और कुपोषण उन्मूलन से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की तैनाती की स्थिति की समीक्षा करते हुए शून्य केंद्र पाए जाने पर संबंधित सीडीपीओ से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुष्टाहार की आपूर्ति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि पुष्टाहार की गुणवत्ता में कमी अथवा डंपिंग की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हॉट कुक्ड मील योजना में भी सभी विकासखंडों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जिन विद्यालयों में जीर्णोद्धार एवं दुरुस्तीकरण का कार्य पूरा हो चुका है अथवा नए कक्षों का निर्माण कराया गया है, वहां शीघ्र पठन-पाठन शुरू कराया जाए। विद्यालय भवनों का उपयोग न होने पर जिम्मेदारी तय करने की चेतावनी भी दी गई। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं आईसीडीएस विभाग को स्मार्ट क्लास और आरओ पेयजल सुविधा से वंचित विद्यालयों में आवश्यक कार्रवाई कर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में ब्लॉकवार एनआरसी एडमिशन स्टेटस की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी गंभीर कुपोषित बच्चों का समय से पोषण पुनर्वास केंद्र में प्रवेश सुनिश्चित कराने को कहा। प्रत्येक बच्चे का नियमित मापन कराने और इसकी जिम्मेदारी संबंधित सीडीपीओ की तय करने के निर्देश दिए गए। पोषण ट्रैकर एप पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा की जा रही फीडिंग एवं भ्रमण कार्यों की भी समीक्षा हुई।जिलाधिकारी ने सभी सूचनाओं की शत-प्रतिशत और समयबद्ध फीडिंग सुनिश्चित कराने तथा लगातार खराब प्रदर्शन वाले आंगनबाड़ी केंद्रों की अलग सूची तैयार कर सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मुख्य सेविकाओं को सक्रियता से कार्य करने और प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही ऐसे बच्चों की ब्लॉकवार सूची तैयार करने को कहा, जिनके आधार कार्ड एवं जन्म प्रमाण-पत्र अभी तक नहीं बने हैं, ताकि अभियान चलाकर उनका पंजीकरण कराया जा सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडे, जिला कार्यक्रम अधिकारी दिलीप पांडे सहित आईसीडीएस, शिक्षा विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।