जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन ईगल” अभियान के तहत कालिंजर पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 7 किलो 900 ग्राम अवैध सूखा गांजा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने के बाद उसे जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण तथा जनपद को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नरैनी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में कालिंजर पुलिस टीम सोमवार की देर रात गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गिरधर पुर मोड़ के पास एक महिला संदिग्ध सामान लेकर जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने एक महिला को सिर पर प्लास्टिक की बोरी लेकर पैदल जाते हुए पकड़ा। नियमानुसार तलाशी लेने पर बोरी से 7 किलो 900 ग्राम सूखा गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार महिला की पहचान मिनसारी बाई पत्नी रुजेन्द्र, निवासी महुआ खेड़ा, थाना शाहनगर, जनपद पन्ना (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद गांजा कब्जे में लेकर थाना कालिंजर में मु0अ0सं0 102/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद अभियुक्ता को जेल भेज दिया है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष कालिंजर दारा सिंह, उपनिरीक्षक रणजीत बहादुर, कांस्टेबल गौरव कुमार, महिला कांस्टेबल सपना गुप्ता और महिला कांस्टेबल श्रेया यादव शामिल रही।