जिले में जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को जनपद के सभी थानों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कोतवाली देहात में आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी अमित आसेरी ने थाना कोतवाली देहात में पहुंचकर फरियादियों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही स्पष्ट किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। थाना समाधान दिवस में भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस और अन्य विभागों से जुड़े कई प्रकरण सामने आए। जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को निर्देशित किया कि जिन मामलों का मौके पर समाधान संभव है, उनका तत्काल निस्तारण किया जाए। जिन प्रकरणों में जांच आवश्यक है, उनमें निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पक्ष जांच कर गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। डीएम ने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आम नागरिकों को एक ही स्थान पर पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त सुनवाई उपलब्ध कराना है, ताकि लंबे समय से लंबित विवादों का प्रभावी समाधान हो सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिले। प्रत्येक प्रकरण में पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता बनाए रखी जाए, जिससे आमजन का प्रशासन पर भरोसा और मजबूत हो।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। किसी भी शिकायत को बिना समुचित जांच के निस्तारित न किया जाए।
इस दौरान पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई शुरू कराई और कई मामलों में मौके पर ही सुनवाई कर समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई।इस मौके पर सहायक एसपी मेविस टॉक आदि मौजूद रहे। इसी तरह एसडीएम बबेरू तथा सीओ कृष्णकांत त्रिपाठी ने मरका थाने में जनसुनवाई की। एसडीएम अतर्रा शैलेन्द्र मिश्रा तथा सीओ प्रतिज्ञा सिंह ने अतर्रा थाने में समाधान दिवस पर सुनवाई करते हुए कई मामले निस्तारित कराये।