बहन और भांजे की हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। इस दौरान एक आरक्षी भी गोली लगने से घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी वीर सिंह की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। सूचना मिलने पर पुलिस ने उझानी रोड स्थित भूड़ा-भदरौली तिराहे के पास घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखकर आरोपी जंगल की ओर भागा और फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया, जबकि फायरिंग के दौरान आरक्षी आकाश चौहान के बाएं हाथ में गोली लगी।
मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने घायल आरोपी और आरक्षी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। उपचार के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। गौरतलब हो कि 15 जुलाई की रात बदायूं जनपद के कादरचौक थाना क्षेत्र के बखतपुर गांव में जमीन को लेकर हुए विवाद में आरोपी पर अपनी बहन संतोषी और भांजे आकाश की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था। जिसके चलते पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस द्वारा आगे की कार्यवाही की जा रही है।