कुल्हाड़ी मारकर की गई महिला की हत्या करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद रविवार को जेल भेज दिया है।
जनपद के बिसंडा थाना क्षेत्र के कोर्रही गांव निवासी बानो 45 पत्नी राजू शनिवार की रात घर से पैदल किसी काम से जा रही थी। तभी रास्ते में गांव का ही लवकुश वर्मा अपने चाचा के साथ आया और उस पर कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए। कुल्हाड़ी लगते ही वह जमीन में गिर पड़ी। कुछ देर के बाद उसकी मौत हो गई। सूचना पर तत्काल थानाध्यक्ष चंद्रप्रकाश तिवारी,सीओ सदर सौरभ सिंह मौके पर पहुंचे। जहां अधिकारियों ने घटना का जायजा लिया। डॉग स्क्वायड तथा फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य संकलित किये। बताया गया कि मृतका की बेटी आलिया का आरोपी लवकुश का पिछले काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लगभग 6 माह पहले दोनों ने शादी कर ली थी। दोनों पति-पत्नी के रूप में साथ में रहते थे। इधर बानो रिश्ते से नाखुश रहती थी। कई बार उसने लवकुश के खिलाफ पुलिस से शिकायत भी की थी। पत्नी आलिया की तहरीर पर पुलिस ने लवकुश के अलावा तीन के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी लवकुश पुत्र लक्ष्मी, छोटेलाल पुत्र जगदेव,सत्तू पुत्र सहदेव को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने अभियुक्तों को जेल भेज दिया है।