बाँदा-जिले में किसी भी हालत में नहीं होना चाहिए अवैध खनन तथा परिवहन

SHARE:

खनन टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक डीएम ने अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा कि जनपद में कहीं भी अवैध खनन तथा परिवहन नहीं होना चाहिए।
जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय खनन टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में खनन विभाग, राजस्व विभाग, परिवहन विभाग तथा पुलिस विभाग द्वारा की गई प्रवर्तन कार्यवाहियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्यों को पूर्ण करते हुए प्रवर्तन कार्यवाहियों में न्यूनतम 10 प्रतिशत की वृद्धि सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जनपद में बाहरी जनपदों एवं राज्यों से आने वाले खनिज परिवहन वाहनों पर सतत निगरानी रखने तथा संदिग्ध वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवहन विभाग को प्रवर्तन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए ऐसे वाहनों को चिन्हित करने को कहा जिनके विरुद्ध दो या उससे अधिक चालान दर्ज हैं। ताकि उनके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा सके। जिलाधिकारी ने जिला खनिज अधिकारी को विटीएस (VTS) आधारित निगरानी प्रणाली विकसित करने तथा अवैध खनन की कार्रवाई वाले पट्टों की सूची तैयार कर उन पर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद की समस्त नदियों का सर्वेक्षण एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि संभावित खनन क्षेत्रों का चिन्हांकन कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें, जिससे आगामी वर्ष में खनन पट्टों के आवंटन की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संचालित किया जा सके। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने बिना वैध अनुमति के संचालित हो रहे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों एवं अन्य खनिज परिवहन वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाकर त्वरित कार्रवाई करने तथा आवश्यकतानुसार वाहनों को संबंधित थानों में निरुद्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध शासन की मंशा के अनुरूप शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाए तथा सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही सुनिश्चित करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुमार धर्मेंद्र,अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment