हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स के द्वारा फॉल्टी नंबर प्लेट वाले ट्रकों के साथ खुद के साथ दूसरों की जान खतरे में डालने वाले आधा सैकड़ा से अधिक बाइक सवारो के चालान किये हैं। इसके साथ ही ट्रक चालकों को हाईवे सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन कराये जाने को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज द्वारा संभागीय परिवहन आयुक्त,आरटीओ हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स, यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम के साथ जनपद के विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों तथा प्रमुख मार्गों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई तथा सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक भी किया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही की गई। चेकिंग के दौरान लगभग एक दर्जन ट्रकों में दोषपूर्ण एवं मानक के अनुरूप न पाए गए नंबर प्लेट मिलने पर चालान किए गए। वहीं बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाकर स्वयं एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा को खतरे में डाल रहे करीब 50 मोटरसाइकिल चालकों के विरुद्ध भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया। चेकिंग अभियान के साथ-साथ वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा ट्रक चालकों को विशेष रूप से हाईवे पर ट्रकों को अनावश्यक रूप से खड़ा न करने,निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। उन्हें बताया गया कि राजमार्गों पर खड़े भारी वाहन गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं। इस दौरान यातायात पुलिस, हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स सहित परिवहन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे । हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स व बांदा पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें,दोपहिया वाहन पर हेलमेट एवं चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था के निर्माण में सहयोग प्रदान करें।