पुलिस लाइन में आयोजित जोन स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद की महिला-पुरूष टीम का दबदबा बरकरार रहा। प्रतियोगिता का समापन करने के साथ डीआईजी ने विजेता खिलाड़ियों का हौसला अफजाई करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह देकर पुरुस्कृत किया।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में पुलिस लाइन में चल रही 03 दिवसीय अन्तर्जनपदीय 29वीं प्रयागराज जोन प्रयागराज की अंतर्जनपदीय पुलिस जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 का मंगलवार को समापन हो गया। समापन समारोह में पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस. ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेताओं को पुरस्कृत किया। उन्होंने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेलों में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण पूरे समर्पण,अनुशासन और खेलभावना के साथ सहभागिता करना है। प्रतियोगिता में विभिन्न मार्शल आर्ट स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जूडो (पुरुष एवं महिला) तथा ताइक्वांडो (पुरुष एवं महिला) टीम प्रतियोगिताओं में बाँदा टीम विजेता रही। कराटे (पुरुष एवं महिला) टीम प्रतियोगिताओं में फतेहपुर टीम विजेता रही। वहीं पेंचक सिलाट (पुरुष) एवं वुशु (पुरुष) टीम प्रतियोगिताओं में बांदा टीम विजेता रही। जबकि पेंचक सिलाट (महिला) एवं वुशु (महिला) टीम प्रतियोगिताओं में प्रयागराज टीम विजेता रही। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज,सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइन मेविस टॉक, क्षेत्राधिकारी नरैनी प्रवीण कुमार,क्षेत्राधिकारी अतर्रा प्रतिज्ञा सिंह,क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह तथा प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन बेलास यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के द्वारा पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र राजेश एस को को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता का समापन खेल भावना,उत्साह और खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।