घर में घुसकर डकैती डालने के साथ हत्या करने के मामले में पिछले 45 सालों से फरार चल रहे सजायाफ्ता अभियुक्त को पुलिस ने पकड़ लिया है। गिरफ्तार करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण लगाये जाने तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाये जा रहे अभियान के क्रम में थाना पैलानी पुलिस द्वारा लगभग 45 वर्ष से फरार चल रहे अभियुक्त को गिरफ्तार कर कर लिया है। सीओ सदर सौरभ सिंह ने बताया कि शनिवार को थाना पैलानी पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त कल्लू सिंह पुत्र गज्जा सिंह निवासी ग्राम सिंधनकला थाना पैलानी जनपद बांदा को ग्राम कानाखेड़ा से गिरफ्तार किया गया है। सीओ सौरभ सिंह ने बताया कि अभियुक्त कल्लू सिंह ने वर्ष 1984 में घर में घुसकर डकैती डालने के साथ हत्या की घटना को अंजाम दिया था। उसके विरुद्ध पैलानी थाने में मुकदमा दर्ज था। जिले के अलावा फतेहपुर में भी उसने हत्या की घटना को अंजाम दिया था। जनपद के अलावा हाई कोर्ट से भी उसे मुकदमे में सजा हो चुकी है। तब से वह लगातार फरार चल रहा था। शनिवार को उसे पकड़ लिया गया है। बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अभियुक्त अपना ठिकाना बदलकर रह रहा था। गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने अभियुक्त को जेल भेज दिया है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राममोहन राय,प्रेमचन्द्र सरोज,अनिल अहिरवार शामिल रहे।